गौरीगंज/अमेठी। जिले के चार पॉलीटेक्निक कॉलेज की 1,140 व दो डीफार्मा कॉलेज की 135 सीटों पर प्रवेश के लिए बुधवार से काउंसिलिंग होगी। कोरोना से बचाव के मद्देनजर इस वर्ष काउंसिलिंग से लेकर दस्तावेज सत्यापन, शुल्क भुगतान व प्रवेश तक की व्यवस्था ऑनलाइन रहेगी। ऑनलाइन काउंसिलिंग व प्रवेश के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
जिले में पॉलीटेक्निक के चार व डीफार्मा के दो कॉलेेज हैं। अमेठी स्थित राजकीय महिला पॉलीटेक्निक में तीन ब्रांच में 180, संजय गांधी राजकीय पॉलीटेक्निक जगदीशपुर में छह ब्रांच में 360, राजीव गांधी पॉलीटेक्निक मुसाफिरखाना में तीन ब्रांच में 300 व जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलीटेक्निक मुसाफिरखाना में 4 ब्रांच में 300 सीटें हैं।
इसी तरह वीएमएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी तिलोई में दो ब्रांच में 75 और अमर बहादुर सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी मुसाफिरखाना में एक ब्रांच में 60 सीटें हैं। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अमेठी के प्रिंसिपल एसके सिंह ने बताया कि इन कॉलेजों में प्रवेश के लिए पिछले 12 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (डिप्लोमा) 2020 की परीक्षा ऑफलाइन तथा 45 सितंबर को 24 जिलों में ऑनलाइन एग्जाम हुए थे। कोरोना को देखते हुए इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया का ऑनलाइन कर दिया गया है।
प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थी घर बैठे बुधवार से शुरू हो रही ऑनलाइन काउंसिलिंग में शामिल होंगे। ऑनलाइन ही वह अपने दस्तावेज जमा करेंगे और और अपने जिले में ही वे अपने दस्तावेजों का सत्यापन कर सकेंगे। इतना ही नहीं अभ्यर्थी ऑनलाइन शुल्क भुगतान कर अपने पसंद के कॉलेज को लॉक भी करवा सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को एलाटमेंट पेपर लाकर संबंधित कॉलेज को देना होगा जिसके बाद उन्हें पंजीकृत मान लिया जाएगा।