अमेठी। शासन ने परिषदीय विद्यालयों में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड को अनिवार्य शिक्षा से जोड़ते हुए शिक्षकों को स्काउट एवं गाइड के उद्देश्य तथा उसकी उपयोगिता के बारे में प्रशिक्षित कराने का निर्णय लिया है। शहर स्थित जीजीआईसी में ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्यों को मास्टर ट्रेनरों की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शासन के निर्देश पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला आयुक्त गाइड प्रधानाचार्य डॉ. फूल कली गुप्ता के संयोजन में दो दिवसीय बिगनर्स प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण शिविर में स्थानीय ब्लॉक के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व इंचार्ज प्रधानाध्यापक शामिल हुए। डॉ. फूलकली ने कहा कि बिगनर्स के प्रशिक्षण के द्वारा प्रशिक्षित होकर हमारे शिक्षक अपने विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करेंगे तभी सभ्य समाज की स्थापना होगी।
प्रशिक्षक के रूप में मौजूद जिला सहायक आयुक्त स्काउट शशांक यादव, जिला सहायक आयुक्त गाइड गरिमा यादव, जिला ट्रेनिंग काउंसलर आदर्श प्रताप सिंह, सहायक ट्रेनिंग काउंसलर देवेंद्र प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड के उद्देश्य आदि के बारे में शिक्षकों को विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें कोर्स संचालन करने का प्रशिक्षण दिया।
साथ ही प्रशिक्षकों ने स्काउटिंग गाइडिंग की कहानी, स्काउटिंग गाइडिंग क्या है, संस्था के विभिन्न अनुभागों के बारे में जानकारी दी। प्रतिज्ञा और नियम, स्काउट और गाइड के आदर्श वाक्य, चिन्ह, सेल्यूट और हाथ मिलाना, संगठनात्मक संरचना, यूनिक कैसे शुरू और पंजीकृत करें तथा यूनिट मीटिंग कैसे करें, यूनिट लीडर की उन्नति आदि विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।