अमेठी सिटी। सीएमओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक संजय कुमार मिश्र की रिश्वत लेते गिरफ्तारी के अगले दिन शनिवार को सीएमओ कार्यालय का माहौल बदला नजर आया। सामान्य दिनों की अपेक्षा कार्यालय में चहल-पहल कम रही। मुसाफिरखाना कोतवाली में निरीक्षक हरिओम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने आरोपी वरिष्ठ सहायक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सुबह कार्यालय खुलने के बाद अधिकांश शाखाओं में कुर्सियां खाली रहीं। कर्मचारियों के छोटे-छोटे समूह कार्रवाई को लेकर चर्चा करते दिखाई दिए। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के कारण कार्यालय में मौजूद नहीं थे। अपर सीएमओ डॉ. पीके उपाध्याय अपने कक्ष में नियमित कार्य निपटाते रहे। अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे, लेकिन पूरे कार्यालय का माहौल सामान्य दिनों की तुलना में बदला हुआ दिखाई दिया।
पहले भी लग चुके हैं रुपये मांगने के आरोप
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कुछ कर्मचारियों का आरोप है कि वरिष्ठ सहायक संजय कुमार मिश्र पर पहले भी राशि मांगने के आरोप लग चुके हैं। कुछ एएनएम का कहना है कि प्रशिक्षण के नाम पर उनसे दो-दो हजार रुपये मांगे गए थे। रुपये नहीं देने पर प्रतिकूल कार्रवाई की धमकी भी दी गई। एक शिकायतकर्ता ने धमकी से जुड़ा वीडियो होने का दावा किया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।