गौरीगंज (अमेठी)। जिले में 22 जनवरी को चार केंद्रों के 14 प्वाइंट पर स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। एक प्वाइंट पर 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
शासन की नई गाइड लाइन के बाद 22 जनवरी को जिले के चार केंद्रों के 14 प्वाइंट पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए सीएमओ ने जिला अस्पताल के साथ ही अमेठी, जगदीशपुर तथा बाजार शुकुल सीएचसी के 14 प्वाइंट पर टीका लगाने का इंतजाम किया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि अमेठी सीएचसी परिसर में दो, संजय गांधी अस्पताल में तीन तथा रामनगर स्थित राजर्षि रणंजय सिंह फॉर्मेसी कॉलेज में एक प्वाइंट बनाया गया है। जगदीशपुर में सीएचसी व ट्रामा सेंटर में दो-दो प्वाइंट बनाए गए हैं।
जिला अस्पताल व सीएचसी बाजार शुकुल में दो-दो प्वाइंट पर वेक्सीनेशन का कार्य होगा। सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि जिले के सभी 14 प्वाइंट पर वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सूचित कर दिया गया है।