गौरीगंज (अमेठी)। जिले के आठ केंद्रों के 19 बूथों पर शुक्रवार को डीएम समेत 1436 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। सूचीबद्ध लोगों में से 492 कर्मी टीका लगवाने नहीं पहुंचे। टीका लगवाने वालों में से किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई।
जिला अस्पताल में डीएम अरुण कुमार, एडीएम एसपी सिंह तथा एसडीएम गौरीगंज संजीव मौर्य के साथ ही अमेठी व मुसाफिरखाना के राजस्व अफसरों व कर्मियों ने टीका लगवाया। टीका लगाने के बाद सभी को प्रतीक्षा कक्ष में 30 मिनट तक बैठाया गया। हालांकि टीका लगवाने के बाद किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई। जिला प्रतिरक्षण अधिकरी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि सूचना के बावजूद सभी प्वाइंट पर सिर्फ 1,436 लोग ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे। सीएमओ आशुतोष दुबे ने कहा कि पहले चरण से लेकर अब तक टीका लगवाने वाले किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को कोई दिक्कत नहीं हुई। कहा कि जिन्हें इसके लिए चिन्हित किया जाए वह उक्त केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण कराए। यह पूरी तरह सुरक्षित है।