गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके, इसके लिए प्रशासन लगातार कोरोना कैरियर व संदिग्धों की जांच करा रहा है। प्रशासन की ओर से अब तक (शनिवार) 11,157 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। जिलेे में अब तक जहां 316 लोग पॉजिटिव मिले हैं, वहीं भेजे गए सैंपल में से 489 की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन जिले में कोरोना के सामुदायिक संक्रमण को रोकने के प्रयास में लगातार जुटा है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। बावजूद इसके जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सैंपल एकत्र करने की रफ्तार बढ़ा दी है। पहले जहां एक दिन में करीब एक सैकड़ा सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे थे, वहीं अब यह संख्या प्रतिदिन तीन से चार सौ तक पहुंच गई है।
जिले में अब तक जहां 316 कोरोना मरीज मिल चुके हैं वहीं एक की मौत हो चुकी है। शासन को भेजे गए प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 11,157 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। शनिवार तक भेजे गए नमूनों में से प्रशासन को 489 को छोड़ सभी की रिपोर्ट मिल चुकी है। अब तक हुई जांच रिपोर्ट में मिले 316 पॉजिटिव मरीजों में से 292 जहां ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं वहीं एक की मौत हो चुकी है। इस प्रकार जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या मात्र 23 रह गई है। डीएम अरुण कुमार ने आंकड़ों की पुष्टि की है।