जायस (अमेठी)। बैंक से निकल रहे संविदा बिजली कर्मी ने एक दरोगा पर पिटाई का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ से भी नोकझोंक हुई। जिसका वीडियो वायरल हुआ है। इंस्पेक्टर ने पहुंच कर मामला शांत कराया। फिलवक्त, किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। जायस कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की दोपहर नवीन मंडी परिसर स्थित बैंक ऑफ बदौड़ा में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने पहुंचे पुलिस कर्मियों से संविदा बिजली कर्मी का विवाद हो गया। संविदाकर्मी चंद्रभान ने बताया कि वह बिजली कलेक्शन का पैसा जमा करने आया था। पैसा जमा कर प्राप्त रसीद को वह विभाग के वाट्सएप ग्रुप पर भेज ही रहा था। तभी दरोगा ने उसकी पिटाई कर दी।
पीड़ित ने घटना की जानकारी उपखंड के एसडीओ विजय कुमार को दी। एसडीओ के पहुंचने पर उनकी भी दरोगा से काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। इधर, जानकारी विद्युत विभाग के दर्जनों कर्मचारी बैंक पहुंच गए। एसएचओ रवि कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीच बचाव कर संविदाकर्मी को समझाते हुए दरोगा को थाने जाने के लिए कहा। बैंक मैनेजर अतुल श्रीवास्तव ने भी संविदाकर्मी के साथ विवाद की पुष्टि की है। एसएचओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान दरोगा व विद्युत कर्मी में कहासुनी हुई है। कोई तहरीर नहीं आई है।