अमेठी सिटी। गौरीगंज थाना क्षेत्र से गुजरने वाले टाडा-बांदा हाईवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उनको जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़ कर मौके से भाग निकला।
फुरसतगंज थाना क्षेत्र के गांव झेंगुर का पुरवा मजरे तेंदुआ निवासी शोहराब (45) अपनी पत्नी नईमुन निशा (42) के साथ बुधवार को बाइक से गौरीगंज से जा रहे थे। वापसी में देररात गौरीगंज से गुजरने वाले टाडा-बांदा हाईवे पर बाबूगंज के पास पहुंचे ही थे, तभी कंटेनर ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में शोहराब और उसकी पत्नी नईमुन निशा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में शेहराब की मौत हो गई। पत्नी का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।