अधिशाषी अभियंता तिलोई कार्यालय में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत: स्थानीय
तिलोई/अमेठी। अघोषित बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस नेता सुनीता सिंह के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन देकर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सुनीता सिंह ने अधिकारियों से कहा कि यदि पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हुई तो जल्द ही धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उपभोक्ताओं का आरोप था कि कई गांवों में पूरी रात बिजली गुल रहती है, जिससे हजारों लोग परेशान हैं। कूलर, पंखे और घरेलू उपकरण बंद रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
विनोद तिवारी और विकास दुबे ने बताया कि खानापुर चपरा फीडर से जुड़े गांवों में लगातार बिजली गुल हो रही है। इस पर अधिशासी अभियंता राकेश रोशन ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि विभाग पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है और क्षेत्र में आपूर्ति बहाल कराई जा रही है। वहीं अमेठी में पूर्व विधायक गरिमा सिंह की ओर से भी अधिशासी अभियंता गुरुचरन लाल भटनागर को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया।