भादर (अमेठी)। अघोषित विद्युत कटौती के साथ ही एसडीओ की कार्यशैली से नाराज घोरहा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को बिजली उपकेंद्र भादर का घेराव कर प्रदर्शन किया। पावर काॅर्पोरेशन के अधिकारी को डीएम को संबोधित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को बड़ी संख्या में घोरहा गांव के ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र, भादर का घेराव किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक दिन पहले गांव में बकाया बिल वसूली को लेकर मेगा कैंप लगाया गया था। कर्मियों ने पहले से ही एक सूची बना रखी थी। मेगा कैंप में पहुंचे ग्रामीणों को जब सूची की जानकारी हुई तो उसका खुलासा करने की मांग की। सूची में दर्ज 41 उपभोक्ताओं के जब नाम पढ़े गए तो दो, तीन नाम को छोड़कर उसमें सिर्फ एक विशेष जाति के लोगों के नाम थे। इससे ग्रामीण भड़क गए।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बदहाल है। एचटी लाइन सड़क के आरपार लगाई गई है। कर्मचारी उपभोक्ताओं से छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के नाम पर वसूली करते हैं। अघोषित विद्युत कटौती की समस्या बनी रहती है। नाराज ग्रामीणों ने घेराव की सूचना पर पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी को डीएम को संबोधित शिकायती पत्र दिया। इस मौके पर अजय सिंह, विजय सिंह, उपेंद्र सिंह, इंद्र बहादुर व सुभाष सिंह सहित कई उपभोक्ता मौजूद रहे।