अमेठी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवंटित राशन नहीं मिलने पर सोमवार को उपभोक्ता भड़क गए। कोटे की दुकान पर प्रदर्शन करते हुए उपभोक्ताओं ने कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाए। मामला संज्ञान में आने के बाद पूर्ति निरीक्षक ने जांच शुरू कर दी है।
भेटुआ ब्लॉक के नरसिंह भानपुर गांव के उपभोक्ता सोमवार को कोटेदार की ओर से पॉइंट ऑफ सेल मशीन से अंगूठा लगवाकर बायोमीट्रिक करवाने के बाद राशन नहीं देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। उपभोक्ता राशन लेने पर अड़े रहे। कोटेदार ने नाराज उपभोक्ताओं को राशन के बदले पैसा देने की बात कही, लेकिन उपभोक्ता शांत नहीं हुए।
इसी बीच उपभोक्ताओं को दुकान में राशन नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले की शिकायत पूर्ति विभाग से की। सूचना पर आपूर्ति निरीक्षक शुभम चौधरी गांव पहुंचे और मामले की जांच की। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी। गांव जाकर जांच की गई। राशन वितरण कार्य में प्रथमदृष्टया अनियमितता मिली है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।