अमेठी। बहुप्रतीक्षित ककवा रोड स्थित 102-बी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर निर्माण कार्य बुधवार से शुरू हो जाएगा। मंगलवार को एसडीएम ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रूट डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग कराने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
शहर के ककवा रोड स्थित 102-बी रेलवे क्रॉसिंग पर बहुप्रतीक्षित फ्लाई ओवर निर्माण को पिछले दिनों प्रदेश सरकार की मंजूरी मिली थी। फ्लाई ओवर निर्माण पर 21.87 करोड़ रुपए की लागत आनी है। फ्लाई ओवर की कुल लंबाई 616.550 मीटर होगी।
फ्लाई ओवर निर्माण के लिए रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग आदि को लेकर एसडीएम योगेंद्र सिंह ने फ्लाई ओवर निर्माण के लिए नामित संस्था सेतु निर्माण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता लोकेश खरे के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों से रूट डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिया। फ्लाई ओवर निर्माण के बाद करीब तीन लाख से अधिक जनता को सहूलियत मिलेगी।
गेट संख्या 102-वी पर बनने वाले फ्लाई ओवर की लंबाई 616.550 मीटर होगी। इसमें शहर की ओर 282.165 मीटर और ककवा रोड की ओर 297.105 मीटर लंबा पुल बनेगा। शेष 37.28 मीटर पुल रेलवे ट्रैक के ऊपर बनेगा। रेलवे ट्रैक पर फ्लाई ओवर का निर्माण रेल विभाग खुद कराएगा।
सहायक अभियंता लोकेश खरे ने बताया कि टू लेन फ्लाई ओवरब्रिज की चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। साथ ही फ्लाई ओवर की दोनों साइड सर्विस रोड बनेगी। जिसकी चौड़ाई 3.75 मीटर होगी। इसके साथ ही सर्विस लेन के दोनों किनारे 04.5 मीटर चौड़ी नाली भी बनेगी।
फ्लाई ओवर निर्माण के दौरान लोगों को ककवा रोड पर आने और जाने के लिए डायवर्जन रूट का सहारा लेना पड़ेगा। ककवा रोड पर पुलिस लाइंस के समीप बैरिकेडिंग होने के बाद लोगों को वन विभाग कार्यालय के सामने से होते हुए पूरे प्रेम रेलवे क्रॉसिंग पार कर गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर पहुंचना होगा। इसके बाद ही लोग अमेठी शहर पहुंच सकेंगे। इसी रास्ते से ही लोग अमेठी शहर से ककवा रोड पहुंचेंगे। एसडीएम ने बताया कि बुधवार सुबह से बैरिकेडिंग कर दी जाएगी।