फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: जल्द शुरू होगा 21 उपकेंद्र व दो हेल्थ यूनिट का निर्माण

Wed, 29 Apr 2026 12:19 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 15वें वित्त आयोग से मिली करीब 8.80 करोड़ रुपये की धनराशि से सात विकासखंडों में 21 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र और दो ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
विज्ञापन


सभी प्रस्तावित स्थलों पर भूमि चिह्नित कर ली गई है और टेंडर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।


निर्माण कार्य पूरा होने के बाद करीब तीन लाख ग्रामीण आबादी को गांव के पास ही बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
विज्ञापन



किराये के भवनों से मिलेगी निजात, सेवाएं होंगी सुदृढ़
जिले में इस समय 282 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं, जिनमें से 65 किराये के भवनों में चल रहे हैं। इन केंद्रों पर एएनएम और आशा कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। हालांकि कई क्षेत्रों में उपकेंद्रों के अभाव में ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नए भवन बनने से न केवल इन समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को स्थायी और व्यवस्थित आधार भी मिलेगा।



हर पांच से आठ हजार आबादी पर एक उपकेंद्र
स्वास्थ्य मानकों के अनुसार पांच से आठ हजार आबादी पर एक स्वास्थ्य उपकेंद्र और लगभग 50 हजार की आबादी पर एक ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की जाती है। प्रस्तावित 21 उपकेंद्रों के लिए लगभग 300 वर्ग मीटर भूमि पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।



उपकेंद्रों पर मिलेंगी समग्र स्वास्थ्य सेवाएं
नए भवनों में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु देखभाल, टीकाकरण, परिवार नियोजन, गैर संचारी रोगों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक आपात सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीण परिवारों को नजदीक ही समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।



जामों व बाजारशुकुल में बनेंगी आधुनिक हेल्थ यूनिट
जामों और बाजारशुकुल ब्लॉक में बनने वाली पब्लिक हेल्थ यूनिट पर करीब एक-एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन इकाइयों में अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी, जहां ब्लड, सीबीसी, लिवर और किडनी फंक्शन जैसी जांचें संभव होंगी। साथ ही महामारी से जुड़े आंकड़ों के संकलन से रोग नियंत्रण और निगरानी में भी मदद मिलेगी।



इन स्थानों पर बनेंगे नए उपकेंद्र
गौरीगंज: रोहसी खुर्द
बाजारशुकुल: काजीपुर
जगदीशपुर: सिठौली
सिंहपुर: अंगुरी, हथरौना, मिर्जागढ़, गोयना, पन्हौंना, चिलूली
बहादुरपुर: मवई आलमपुर, फरीदपुर परवर, फतेहपुर मवईया
अमेठी: लोनियापुर, बेनीपुर, गड़ेरी
तिलोई: गड़ेहरी, तिलोई, भदराना, कूरा, सवितापुर, मेढ़ौना




जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य : सीएमओ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि सभी प्रस्तावित स्थलों पर भूमि चिह्नित कर ली गई है और टेंडर प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। प्रक्रिया पूर्ण होते ही चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें