अमेठी सिटी/तिलोई। ऊर्जा निगम की ओर से बकाया वसूली के लिए जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने बिल बकाया होने पर 319 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए।
जिला मुख्यालय गौरीगंज में बरनाटीकर, गौरीगंज ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में अवर अभियंता ऋषि गुप्ता, अमितलाल यादव ने बकाया वसूली अभियान चलाया। इस दौरान 30 बकाएदारों में से 20 ने बकाया धनराशि का भुगतान कर दिया। ऐसे में 10 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। वहीं शिविर लगाकर राजस्व वसूली की गई, जिसमें करीब साढ़े सात लाख रुपये वसूल किए गए। इस दौरान राम तीरथ, सुमित, हिमांशु, विनय शुक्ला ने सहयोग किया।
मुसाफिरखाना ग्रामीण, थौरी, पनियार, करपिया आदि में अवर अभियंता अतुल व अशोक की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 बकाएदारों में से 14 ने धनराशि जमा कर दी। इस तरह छह लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। अवर अभियंता ने बताया कि कुल तीन लाख रुपये राजस्व वसूल किया गया। जगदीशपुर के नौ उपकेंद्रों पर निरीक्षण अभियान अवर अभियंता सुनील मौर्या, अश्विनी यादव, राम यज्ञ दुबे ने चलाया। इस दौरान 60 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। इस दौरान करीब 15 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई।
वहीं, तिलोई क्षेत्र में बिजली बिल न जमा करने पर अधिशासी अभियंता सतेंद्र पांडेय की मौजूदगी में पूरे बैशन, रस्तामऊ, बहुआ मत्तेपुर, कोची, राजाफत्तेपुर, पन्हौना, मेढ़ौना, विराज में चेकिंग की गई। अभियान के दौरान 240 कनेक्शन काटे गए। निरीक्षण के दौरान बिजली चोरी करते पाए गए व काटे हुए कनेक्शन दोबारा जोड़ कर चलाते पाए गए 18 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ क्षेत्र के विभिन्न थानों में केस दर्ज कराया है। अधिशाषी अभियंता सतेंद्र पांडेय ने बताया कि इस दौरान 22 लाख रुपये बकाया बिल वसूला गया। साथ ही बकाएदारों से बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की।