गौरीगंज (अमेठी)। पॉवर कॉरपोरेशन टीम ने बकायेदारों का कनेक्शन काटने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को जिला मुख्यालय व तिलोई के मोहनगंज में पॉवर कॉरपोरेशन टीम ने कनेक्शन की जांच की। जांच के दौरान बिजली चोरी करते मिले 10 उपभोक्ताओं पर केस दर्ज किया गया।
विद्युत वितरण खंड प्रथम गौरीगंज के अधिशाषी अभियंता शैलेंद्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में अवर अभियंता अमृत लाल यादव ने जिला मुख्यालय पर अमेठी रोड व वार्ड संख्या 25 में 57 बिजली कनेक्शन की जांच की। इसमें 15 उपभोक्ताओं का बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया। दो उपभोक्ताओं के परिसर में अनियमितता मिलने पर जुर्माना की कार्रवाई की गई।
विद्युत वितरण खंड तिलोई के अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र पांडेय के निर्देश पर एसडीओ अभिषेक मल्ल व जेई अमित मौर्य ने मोहनगंज कस्बे में कनेक्शन की जांच की। जांच के दौरान 10 उपभोक्ताओं का बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया था।
बावजूद इसके बिना भुगतान के कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे थे। सभी के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। अधीक्षण अभियंता रामप्रीत प्रसाद ने कहा कि सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।