जगदीशपुर (अमेठी)। बिजली कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर एसडीओ को ज्ञापन दिया। मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
कांग्रेस के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी मतीन अहमद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उप खंड अधिकारी मनोज यादव को दिए ज्ञापन में बिजली कटौती को दूर करने के साथ ही लो वोल्टेज की समस्या को खत्म करने की मांग की। बार-बार ट्रिपिंग का उल्लेख करते हुए बिजली की समस्या के चलते धान की रोपाई व सिंचाई नहीं होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बदहाल होने से व्यापारियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। पेयजल की दिक्कत हो रही है। शिकायत करने पर जिम्मेदारों का फोन नहीं उठता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मेराज अहमद खान, पूर्व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी प्रत्याशी विजय पासी, कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष बाजारशुकुल दिनेश कुमार द्विवेदी, बब्बन, जिला सचिव रिफाकत रसूल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।