अमेठी शहर में निकली धन्यवाद रैली में शामिल कांग्रेस नेता व पदाधिकारी । पार्टी
अमेठी। शहर के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय से शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना कराने के निर्णय पर राहुल गांधी के प्रयासों को सराहते हुए धन्यवाद यात्रा निकाली। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में निकली यह यात्रा आंबेडकर चौराहे पर बाबा साहब की प्रतिमा, गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा और सगरा तिराहे पर राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाप्त हुई।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि मोदी सरकार को जातिगत जनगणना कराने पर मजबूर होना पड़ा, यह कांग्रेस और बहुजन समाज की जीत है। राहुल गांधी के प्रयासों के आगे बीजेपी और आरएसएस को झुकना पड़ा। ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. देवमणि तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जातिगत जनगणना की मांग कर रहे थे, ताकि देश में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की वास्तविक हिस्सेदारी सामने आ सके।
यह फैसला सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस मौके पर आशीष शुक्ला, अनिल सिंह डॉ. अरविन्द चतुर्वेदी, डॉ. नरेन्द्र मिश्र, राजीव सिंह, सर्वेश सिंह, बलदेव सिंह, अब्दुल वाहिद, संजीव द्विवेदी, अश्वनी यादव, राजकुमार शर्मा, बृजेश मिश्र, राकेश सिंह व महावीर कोरी आदि मौजूद रहे।