अमेठी। जिला मुख्यालय स्थित पलिया वार्ड में अधिगृहीत भूमि पर सवा दो अरब की लागत से निर्माणाधीन पुलिस लाइन का शनिवार को विशेष सचिव सतर्कता ने एसपी के साथ औचक निरीक्षण किया। विशेष सचिव ने नामित संस्था के जिम्मेदारों को मानक युक्त सामग्री प्रयोग कर निर्माण कार्य पूरा कर समय से भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए। जनपद सृजन के 13 वर्षों बाद जिला मुख्यालय पर पलिया वार्ड में पुलिस लाइन निर्माण के लिए दो अरब 25 करोड़ 28 लाख 16 हजार रुपये धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्माण इकाई संस्था शिवांश इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी की ओर से पलिया स्थित चिह्नित भूमि पर निर्माण कार्य कर रही है।
शनिवार को विशेष सचिव सतर्कता आरएन मौर्या ने एसपी डॉ इलामारन जी के साथ निर्माणाधीन पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया। अब तक महज नौ प्रतिशत ही काम पूरा होने की जानकारी के बाद नामित कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को निर्धारित समयावधि में मानक के अनुसार सामग्री प्रयोग कर निर्माण पूरा करते हुए भवन हैंडओवर करने को कहा। एसपी ने बताया कि 18 माह में निर्माण पूरा होना है। निर्माण पूरा होने के बाद मुख्यालय पर पुलिस लाइन का संचालन होगा।
ककवा रोड पर संचालित हो रही पुलिस लाइन
अमेठी। जनपद सृजन के बाद पुलिस लाइन संचालन के लिए अमेठी कस्बा स्थित मंडी परिसर को अधिगृहीत किया गया। उसके बाद से अब तक पुलिस लाइन परिसर में संचालन हो रहा है। मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर पुलिस लाइन संचालित होने से अफसरों के साथ ही पुलिस कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस लाइन निर्माण के बाद सहूलियत मिल जाएगी।