अमेठी सिटी। भूमि विवाद सहित अन्य मामलों के समाधान के लिए शनिवार को जिलेभर के थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। फरियादी सुबह से ही शिकायत लेकर थानों में पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या बताई। कई शिकायतें वर्षों से लंबित हैं, लेकिन निस्तारण के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।
गौरीगंज कोतवाली में विशुनदासपुर निवासी रामतीरथ यादव ने इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय को बताया कि उनकी भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। राजस्व टीम सीमांकन कर पत्थर गाड़ चुकी है, लेकिन विपक्षियों ने उन्हें उखाड़ दिया। उन्होंने बताया कि पांच बार शिकायत कर चुके हैं, मगर कार्रवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर ने टीम गठित कर मामले की जांच का निर्देश दिया।
शांति देवी निवासी रामगंज टोकरी ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके घर से सटी भूमि पर अवैध निर्माण कर लिया है, जिससे बारिश का पानी रसोईघर में भर जाता है। उन्होंने निर्माण हटवाने की मांग की। वहीं ललिता निवासी जुड़ियापुर ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद विपक्षियों ने उन पर हमला किया। शुक्रवार शाम धनीजलालपुर से लौटते समय कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर अभद्रता की। विनोद कुमार गुप्ता निवासी मऊ ने कहा कि कुछ लोग टैक्सी स्टैंड पर गाली-गलौज कर अराजकता फैलाते हैं और सवारियां जबरन अन्य वाहनों में बैठा देते हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।
रामगंज के रतापुर निवासी उमाकांत पांडेय ने कहा कि गांव से गुजरने वाले चकमार्ग पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। तीन बार शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। राजस्व निरीक्षक राम यज्ञ यादव ने मौके पर पैमाइश कर जल्द रास्ता खाली कराने का आश्वासन दिया। दिवस में कुल छह शिकायतें आईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे।