अमेठी सिटी। जिले के सभी थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। गौरीगंज कोतवाली में बनवारीपुर राघीपुर निवासी राम मिलन ने पांच बिस्वा जमीन पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। उनका कहना है कि वह 20 साल से तहसील और थाने के चक्कर लगा रहे हैं। अब तक 15 बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सुजानपुर निवासी सायरा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन चारदीवारी बनाकर कब्जा कर रहे हैं। वह पांच साल से तहसील, जिलाधिकारी कार्यालय और थाने में शिकायत कर रही हैं। इसके बावजूद विवाद नहीं सुलझा। समाधान दिवस में मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
संग्रामपुर थाने में पूरे शिवपाल डेहरा निवासी रामदेव मौर्य ने 12 बिस्वा जमीन पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि करीब दो साल से जमीन पर कब्जा पाने का प्रयास कर रहे हैं। छह अक्तूबर को थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह हुई थी, फिर भी विवाद बरकरार है। उन्होंने चौथी बार समाधान दिवस में शिकायत कर कब्जा दिलाने की मांग की।
मुंशीगंज थाने में जामों के नदियावां निवासी सूरज विशाल गुप्ता ने शिकायत की कि उन्होंने एक व्यक्ति से टेंपो ट्रैवलर खरीदा और पूरी रकम का भुगतान कर दिया। दो दिन पहले एआरटीओ कार्यालय में वाहन का हस्तांतरण भी हो गया, फिर भी वाहन नहीं दिया जा रहा है।
मुंशीगंज थाने में डीएम शशांक चौधरी और एसपी सरवणन टी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए।