गौरीगंज (अमेठी)। जिले की 682 ग्राम पंचायतों में से 566 ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों को स्वयं सहायता समूहों को हस्तांतरित कर दिया गया। विभाग की ओर से संचालन के लिए 9000 रुपये प्रति माह की दर से तीन माह के लिए 27-27 हजार रुपये उनके खातों में हस्तांतरित भी कर दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले की सभी 682 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय भवनों का निर्माण शुरू कराया गया था। शासन के निर्देश पर पिछले दिनों सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने इन शौचालयों का संचालन स्वयं सहायता समूह से कराने का निर्णय लिया था।
सीडीओ ने संबंधित अफसरों को गांव के इच्छुक स्वयं सहायता समूहों का चयन कराने का निर्देश दिया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पंचायत विभाग की ओर से उनके संचालन की कवायद शुरू कराई गई। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक आरपी सिंह ने बताया कि जिले की 682 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 656 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद 566 सामुदायिक शौचालय स्वयं सहायता समूहों को उसके रख-रखाव तथा संचालन का दायित्व दे दिया गया है। अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार के निर्देश पर प्रति शौचालय के संचालन के लिए प्रति माह 9000 रुपये दिए जाने हैं। कहा कि 358 शौचालयों के संचालन के लिए तीन माह का अग्रिम 27 हजार रुपये की हिसाब से भुगतान कर दिया गया है। शेष का भुगतान इसी सप्ताह कर दिया जाएगा।
15वें वित्त के टाइड फंड से हो रहा भुगतान
सीडीओ ने बताया कि गांवों में बने सामुदायिक शौचालयों के संचालन के लिए ग्राम पंचायत के 15वें वित्त आयोग के टाइड फंड से भुगतान किया जाएगा। प्रत्येक माह मिलने वाले नौ हजार रुपये में से छह हजार रुपये केयर टेकर का मानदेय तथा तीन हजार रुपये शौचालय भवन की साफ-सफाई तथा अन्य सामग्री की खरीद पर खर्च किया जाएगा।