अमेठी सिटी। डेंगू और मलेरिया से निपटने के लिए स्वास्थ्य सहित 10 विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली है। मंगलवार से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो रहा है। 11 जुलाई से घर-घर दस्तक अभियान चलेगा। टीमें लोगों को जागरूक करने संग मरीजों को चिह्नित करेंगी।
बारिश में डेंगू और मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है। बीमारियों पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग संग अन्य विभागों के सहयोग से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसमें लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा बुखार सहित अन्य संचारी रोगों से पीड़ित लोगों का पता लगाने के लिए 11 जुलाई से दस्तक अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत 1700 से अधिक आशा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर बुखार सहित अन्य संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों का पता लगाएंगी।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि नगर विकास विभाग नगरीय क्षेत्र में शुद्ध पेयजल, सफाई, मच्छरों की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों को खुले में शौच से मुक्त कराने और नाला-नालियों की सफाई कराएगा। पंचायती राज विभाग व ग्राम्य विकास विभाग जन जागरूकता, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वेक्टर कंट्रोल और वातावरणीय स्वच्छता बनाने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहारग, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, सिंचाई, उद्यान सहित अन्य विभाग अभियान के तहत गतिविधियां संचालित करेंगे। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता जरूरी है।