अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए अलग-अलग रंगों की कलर कोडिंग वाली उत्तर पुस्तिकाएं तैयार कराई हैं। इस नई व्यवस्था से उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान आसान होगी और वितरण, संकलन व मूल्यांकन के दौरान होने वाली गड़बड़ियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक जिले के 85 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। जिले में 37 राजकीय इंटर कॉलेज, 25 सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज और 180 वित्तविहीन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल परीक्षा में 13,410 छात्र और 12,770 छात्राएं, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 10,108 छात्र और 10,937 छात्राएं शामिल होंगे।
इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का स्वरूप भी बदला गया है। अब तक आड़े स्वरूप में मिलने वाली कॉपियों के स्थान पर सीधे स्वरूप की उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी, जिससे परीक्षार्थियों को लिखने में अधिक सुविधा मिलेगी। हाईस्कूल की ए कॉपी के प्रथम पृष्ठ पर निर्धारित रंग की प्रिंटिंग होगी, जबकि इंटरमीडिएट की ए कॉपी के पहले पृष्ठ पर अलग रंग रहेगा।
बी कॉपियों के लिए भी अलग-अलग रंग तय किए गए हैं। कक्ष, विषय और परीक्षा स्तर के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान तुरंत हो सकेगी। प्रत्येक उत्तर पुस्तिका के हर पन्ने पर कलर कोडिंग के साथ परिषद का मोनोग्राम अंकित रहेगा, जिससे डुप्लीकेसी की संभावना कम होगी।
वहीं, इस वर्ष परीक्षा केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। यहां तैनात कर्मचारी परीक्षार्थियों को कक्ष संख्या, सीटिंग प्लान, विषय, समय और उत्तर पुस्तिका से जुड़ी जानकारी देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का पुराना फॉर्मेट लंबे समय से प्रचलित था। वर्ष 2026 से इसे पूरी तरह बदल दिया गया है। नए लेआउट में लिखने के लिए अधिक और व्यवस्थित स्थान मिलेगा, जिससे उत्तर स्पष्ट और पठनीय होंगे।