अमेठी सिटी। ठंड ने बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। जिला अस्पताल में जुकाम, खांसी, बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में बच्चों की ओपीडी औसतन करीब 100 हो रही है, जिसमें 80 फीसदी बच्चे जुकाम, खांसी से पीड़ित मिल रहे हैं।
जिले में इन दिनों शीतलहर के साथ ठंड बढ़ गई ह। पारा गिरने से ठंड से बड़ों के साथ सबसे अधिक बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। बृहस्पतिवार दोपहर तक करीब 60 से अधिक बच्चों को लेकर जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए लाया गया, जिसमें करीब 80 फीसदी से अधिक बच्चे खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मिले। बाल रोग विशेषज्ञ ने पीड़ित बच्चों का परीक्षण कर उनका इलाज करते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बरतें ये सावधानी
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उज्ज-जमा ने बताया कि ठंड में बच्चों को बहुत ध्यान देने की जरूरत है। परिजन बच्चों को सुबह और शाम बाहर खुले में न जाने दें। वहीं, कमरों की फर्श पूरी तरह ठंडी हो जाती है, ऐसे में बच्चों को फर्श पर न छोड़ें। ठंडी चीजों का सेवन न करने दें। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं। पानी, दूध आदि गुनगुना करके ही पिलाएं। दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह पर बच्चों का उपचार कराएं।