जगदीशपुर (अमेठी)। उतरेटिया-सुल्तानपुर-जफराबाद रेलखंड स्थित निहालगढ़ और अढ़नपुर रेलवे स्टेशन के बीच बड़ागांव रेल क्रासिंग पर बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मुगलसराय से कोयला लेकर अंबाला जा रही मालगाड़ी अचानक दो भाग में बंट गई। ट्रेन का कप्लर खुलने की सूचना से रेल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 45 मिनट बाद ट्रेन की कप्लिंग को दोबारा जोड़कर उसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव रेलवे क्रासिंग पर बृहस्पतिवार को मुगलसराय से अंबाला कोयला लादकर मालगाड़ी जा रही थी। दोपहर 11.55 बजे अप लाइन से गुजर रही मालगाड़ी के लिए ट्रैक क्लियर कर सिग्नल किया गया था।
निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से पहले बड़ागांव क्रासिंग पर मालगाड़ी के वैगन 22/23 के कप्लर चलती ट्रेन में खुल गया। मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। कंप्रेशर के लीक होने से ब्रेक जाम होते ही पिछला हिस्सा मौके पर रुक गया। आगे का भाग भी 50 से 100 मीटर की दूरी पर रुका।
बाद में रेल कर्मियों की मदद से दो हिस्सों में बटी बोगियों को सेटिंग में लाकर कप्लर को जोड़ते हुए लगभग 45 मिनट के बाद 12.40 पर गंतव्य के लिए रवाना की जा सकी। आरपीएफ थाना प्रभारी निहालगढ़ राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उनके पहुंचने तक मालगाड़ी को जोड़ कर रवाना किया जा चुका था।
दो मालगाड़ी को जोड़ा गया था
बड़ागांव रेलवे क्रासिंग पर दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी लांगहाल बनाई गई थी। दो मालगाड़ी को एक में जोड़कर उसे चलाया जा रहा था। ऐसे में दूसरी मालगाड़ी के वैगन के 22/23 के बीच का कप्लर खुल गया। इससे वैक्यूम भी कट गया।
क्रासिंग बंद लोगों को हुई परेशानी
रेल क्रासिंग बंद होने से सड़क मार्ग से गुजर रहे लोगों को गर्मी में क्रासिंग खुलने का इंतजार करना पड़ा। लखनऊ वाराणसी पुराना हाईवे बंद रहा तो यात्री अगल बगल के रास्ते से फोर लाइन बाई पास से होकर आना जाना पड़ा। हालांकि मालगाड़ी के दो हिस्सों में बंटने के बाद कोई भी ट्रेन का परिचालन प्रभावित नहीं होने से विभाग को राहत मिली।
नहीं प्रभावित हुआ ट्रेनों का संचालन
स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ एलएल मीना ने कप्लर खुलने से मुगलसराय से अंबाला जा रही मालगाड़ी के दो हिस्सों में बंटने व 45 मिनट तक क्रासिंग बंद रहने की पुष्टि की है। बताया कि मालगाड़ी के स्टाफ व अन्य रेल कर्मियों की मदद से वैगन को कनेक्ट कर गंतव्य रवाना किया गया। लगभग 45 मिनट तक अप ट्रैक ब्लॉक रहा। लेकिन इस दौरान कोई भी ट्रेन नहीं होने से परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।