अमेठी सिटी। अमृत भारत योजना के तहत गौरीगंज रेलवे स्टेशन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है। इसी क्रम में अब प्लेटफार्मों पर कोच इंडिकेशन डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने पर यात्रियों को ट्रेन के आगमन से पहले ही अपने कोच की सही स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को अपने आरक्षित डिब्बे तक पहुंचने में आसानी होगी और प्लेटफार्म पर अनावश्यक दौड़भाग नहीं करनी पड़ेगी।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन 22 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। प्लेटफार्म एक से प्रतापगढ़ दिशा और प्लेटफार्म दो से लखनऊ दिशा की ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेनों का ठहराव समय महज दो मिनट होने के कारण अब तक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। करीब 600 मीटर लंबे प्लेटफार्म पर कोच की सटीक स्थिति का अंदाजा न होने से लोग इधर-उधर भागते नजर आते थे।
अब इस समस्या के समाधान के लिए दोनों प्लेटफार्मों पर 20-20 कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन बोर्ड के माध्यम से ट्रेन के प्रत्येक कोच की स्थिति पहले से प्रदर्शित होगी। यात्री अपने कोच की जानकारी प्राप्त कर पहले ही सही स्थान पर खड़े हो सकेंगे। यात्रियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस सुविधा से यात्रा अनुभव बेहतर होगा और लंबे समय से चली आ रही परेशानी समाप्त होगी।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तेजी से जारी है। कोच डिस्प्ले बोर्ड के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं।