अमेठी। अग्निशमन विभाग को गौरीगंज और जगदीशपुर स्थित अस्थायी फायर स्टेशनों को बृहस्पतिवार को नए भवन मिल गए हैं। दोनों फायर स्टेशनों के भवनों का बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली लोकार्पण किया है। अभी तक दोनों फायर स्टेशन अस्थायी भवनों में संचालित किए जा रहे थे। विभागीय जिम्मेदारों की माने तो शीघ्र ही यहां पर्याप्त उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
जिले में अब तक अमेठी, मुसाफिरखाना, जायस, मोहनगंज, बाजार शुकुल फायर स्टेशन स्थायी भवन से संचालित हो रहे हैं। जबकि गौरीगंज और जगदीशपुर के फायर स्टेशन अस्थायी भवन से संचालित हो रहे थे। इन दोनों अस्थायी फायर स्टेशनों के पास अपने भवन नहीं थे। बृहस्पतिवार को इनके नए भवनों का सीएम ने वर्चुअली लोकार्पण किया।
गौरीगंज स्थित फायर स्टेशन परिसर में चार करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन बनाया गया है। वहीं, जगदीशपुर स्थित फायर स्टेशन पर आठ करोड़ 36 लाख 44 हजार रुपए की लागत से भवन तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के वर्चुअली लोकार्पण के बाद भौतिक रूप से जिले के गौरीगंज फायर स्टेशन के अनावासीय और आवासीय भवनों का मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि, नवागत पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, सीडीओ सूरज पटेल, विजय किशोर तिवारी व जगदीशपुर में एएसपी हरेंद्र कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश विक्रम सिंह आदि की मौजूदगी में उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर सीओ गौरीगंज मयंक द्विवेदी, सीएफओ शिव दरश प्रसाद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
यह है तैनाती का नियतन
पद का नाम - स्वीकृत - कार्यरत - रिक्त
मुख्य अग्निशमन अधिकारी - 01 - 01 - 00
अग्निशमन अधिकारी - 07 - 01 - 06
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी - 08 - 02 - 04
लीडिंग फायरमैन - 15 - 13 - 02
फायर सर्विस चालक - 15 - 09 - 06
फायरमैन - 117 - 68 - 49
कुक/कहार - 15 - 06 - 09
सफाई कर्मचारी - 07 - 04 - 03
ए.एस.आई. (एम.) - 07 - शून्य - 07
-
योग = - 191 - 102 - 89
-
मुकम्मल हैं तैयारियां
अग्निशमन विभाग की ओर से जिले में जिन गांवों में एक से अधिक बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, ऐसे 26 गांव को विभाग ने चिन्हित किया है।
विभाग के अधिकारी आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए ग्रामीणों को प्रशिक्षित किया है। ब्लॉक वार प्रशिक्षित अग्नि सचेतक (फायर वॉलिंटियर) बनाए गए हैं। घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ आग बुझाने एवं फायर सर्विस को लोकेशन बताकर जल्द से जल्द पहुंचने में सहयोग कर रहे हैं।
फायर सीजन को देखते हुए जल संसाधन के लिए एचएएल, राजेश मसाला फैक्टरी, बीएचईएल, एसीसी सीमेंट फैक्टरी, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट आदि संसाधनों को जल आपूर्ति के लिए चिन्हित किया गया है।
2023 में आग लगने की 138 घटनाएं हुईं
जिले के अग्निशमन विभाग के 3 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2020 में जहां कुल 280 अग्निकांड हुए हैं, वहीं 82 जीव रक्षा की गई है। वर्ष 2021 में 475 अग्निकांड की घटनाएं तो 82 जीव रक्षा, वर्ष 2022 में 515, जीव रक्षा 100 तथा 2023 में 138 आगजनी की घटनाएं हुईं और विभाग के कर्मचारियों ने इस वर्ष 139 जीव रक्षा की है। जीव रक्षा में अग्निकांड और रेस्क्यू दोनों शामिल हैं।
आग से बचाव के प्रति किया जाएगा जागरूक
गौरीगंज और जगदीशपुर फायर स्टेशन के नवीन भवन का उद्घाटन हुआ है। नए वाहन व फायर टेंडर आदि उपलब्ध कराने के संबंध में पत्राचार किया गया है। जल्द ही मिलने की संभावना है।
गर्मी के दिनों में फायर सीजन को देखते हुए तैयारियां की गई हैं और घटनाओं से निपटने के लिए विभाग को हर समय अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिए गए हैं। गांव-गांव अभियान संचालित कर लोगों को आग से बचाव व काबू पाने की विधि बताई जाएगी। प्रत्येक दशा में आग की घटना को समाप्त कर जनहानि रोकना प्राथमिकता में शामिल है
शिव दरश प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी- अमेठी