सेमरौता कस्बे के रामगंज चौराहे पर अलाव तापते लोग।
अमेठी सिटी। जिले में शीतलहर का सिलसिला जारी है। बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलती रही, जिसके कारण लोग दिन व रात में ठिठुरते रहे। जिले में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 10.5 डिग्री दर्ज सेल्सियस पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा।
पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त है। सोमवार व मंगलवार को दिन में धूप तो निकली, लेकिन रात से गलन इतनी ज्यादा बढ़ गई कि लोग ठिठुरते रहे। इससे मौसम सर्द रहा। लोगों को उम्मीद थी कि बुधवार को भी धूप निकलने के बाद उन्हें राहत मिल सकती है, लेकिन बादलों के चलते धूप नहीं निकली। दिनभर गलन और सर्द हवा लोगों को परेशान करती रही। ऐसे में शाम से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। लोग घरों में दुबक गए।
वहीं, सड़कों और बाजारों में जगह-जगह लोग अलाव के बैठे दिखाई दिए। किसानों ने बताया कि खेत में रबी की फसलें खड़ी हैं। बादल छाने से सरसों की फसल में माहू (एक प्रकार का कीट) लग जाएगा, जिससे उपज कम होगी और फसल की पैदावार पर प्रभाव पड़ेगा। वहीं, अगर बरसात होती है तो आलू व मटर की फसल को भी नुकसान होगा। मौसम सिर्फ गेहूं की फसल के लिए ही लाभदायक है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है, कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। औसत तापमान सामान्य के आसपास रहने व पश्चिमी हवा के सामान्य गति से चलने की संभावना है।