अमेठी सिटी। मंगलवार की रात से बिजली कटौती शुरू हुई तो आठ घंटे तक लोग परेशान रहे। लोग रात भर चैन की नींद नहीं सो सके। विभाग का कहना है कि रणंजय इंटर कॉलेज के पास फाल्ट से परेशानी हुई है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली देने का दावा निगम का फेल होता दिख रहा है। रात में चार से पांच बार रोज कटौती होना आम बात हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति सामान्य है। जबकि आम जनता बार-बार की कटौती से त्रस्त हो चुकी है।
मंगलवार की रात करीब 11 बजे से लेकर बुधवार सुबह तक कटौती हुई। कटौती भी कम से कम 10 बार हुई। लोग इस बात से परेशान रहे कि आखिर बार-बार कटौती की वजह क्या है। गौरीगंज शहरी क्षेत्र के अवर अभियंता ऋषि गुप्ता का कहना है कि रणंजय इंटर कॉलेज के पास जंफर टूट गया था, जिसे सुबह सात बजे जोड़ा गया। इसी कारण शहरी क्षेत्र में लोगों को रात को परेशानी हुई होगी।
सोशल मीडिया पर की शिकायत
अमेठी सिटी। जायस निवासी मो. सैफ ने सोशल मीडिया पर ऊर्जा निगम को टैग करते हुए लिखा है कि मंगलवार की रात एक बजे से लाइट नहीं आ रही है। काफी प्रयास के बाद भी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है कि कब तक लाइट आएगी।
एक अन्य उपभोक्ता ने शिकायत करते हुए लिखा है कि उपकेंद्र पीठीपुर की ओर से जारी अघोषित कटौती से कब निजात मिलेगी। सेमरौता उपकेंद्र के कुलदीप कुमार ने शिकायत करते हुए लिखा है कि 12 घंटे बाद भी विद्युत कटौती की शिकायत का कोई समाधान नहीं हो सका है। 50 बार शिकायत करने का भी कोई समाधान नहीं हुआ।