नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते एसपी सरवणन टी.। -संवाद
अमेठी सिटी। नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज में बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति 6.0 के तहत कॅरिअर मार्गदर्शन कार्यक्रम और साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कॅरिअर चयन और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए गए।
एसपी सरवणन टी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कॅरिअर चुनें और लक्ष्य हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन करें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा न करें।
एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समय प्रबंधन और उपलब्ध अवसरों की जानकारी जुटाने पर जोर दिया। कार्यशाला में व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से भी सतर्क रहने को कहा गया।
बताया कि साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।