अमेठी सिटी। मनीषी महिला महाविद्यालय में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने छात्राओं को कॅरिअर काउंसिलिंग के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सेवायोजन पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया समझाते हुए योग्यता के अनुसार रोजगार तलाशने के तरीके बताए।
अनुभव त्रिपाठी ने कहा कि कॅरिअर का चुनाव अपनी रुचि, क्षमता और शैक्षिक योग्यता के आधार पर करना चाहिए। लक्ष्य निर्धारित करके योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करना जरूरी है। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाली छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित अध्ययन करें। साथ ही निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी भी रखें।
उन्होंने बताया कि सेवायोजन पोर्टल पर पंजीयन से रोजगार संबंधी सूचनाएं प्राप्त की जा सकती हैं। छात्राएं अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी लेकर आवेदन कर सकती हैं। रोजगार पाने के लिए कंप्यूटर का ज्ञान, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और साक्षात्कार की तैयारी भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने कॅरिअर चयन, सेवायोजन पोर्टल पर पंजीयन और रोजगार पाने की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे। अनुभव त्रिपाठी ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर डॉ. आलोक कुमार मिश्र, ज्योति अग्रहरि, योगिता यादव, ज्योति मिश्रा और डॉ. उपासना मिश्र मौजूद रहीं।
छात्राओं के सवाल-जवाब
सवाल : सेवायोजन पोर्टल पर पंजीयन कैसे करें। स्वाति जायसवाल
जवाब : पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी और शैक्षिक योग्यता का विवरण भरकर पंजीयन करें।
सवाल : क्या पंजीयन करने से नौकरी मिल जाती है। शिवांसी
जवाब : पंजीयन से रोजगार के अवसरों की जानकारी मिलती है।
सवाल : छात्राएं रोजगार के अवसर कहां तलाश सकती हैं। खुशी जायसवाल
जवाब : छात्राएं अपनी योग्यता के अनुसार सरकारी विभागों, निजी कंपनियों, बैंकिंग, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी ले सकती हैं।
सवाल : नौकरी पाने के लिए कौन से कौशल जरूरी हैं। रुबी विश्वकर्मा
जवाब : कंप्यूटर का ज्ञान, संवाद कौशल, आत्मविश्वास और साक्षात्कार की तैयारी रोजगार पाने में सहायक होते हैं।
सवाल : सही कॅरिअर का चुनाव कैसे करें। संजना
जवाब : अपनी रुचि, क्षमता और शैक्षिक योग्यता का आकलन करके लक्ष्य तय करें।