अमेठी सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों में बच्चों का बौद्धिक स्तर सुधारने के लिए प्रत्येक शनिवार को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाने की योजना बनाई है। प्रतियोगिता में सप्ताह भर पढ़ाए गए पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। सही जवाब देने वालों को प्रोत्साहित करने के साथ ही कमजोर बच्चों को विशेष तैयारी कराई जाएगी।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग 1,139 प्राथमिक, 234 उच्च प्राथमिक व 197 कंपोजिट स्कूलों का संचालन करता है। विभाग बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही उनकी प्रतिभा निखारने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी क्रम में बच्चों के बौद्धिक स्तर में सुधार के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रत्येक शनिवार को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराने की योजना बनाई है।
सप्ताह में बच्चों को पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षक प्रश्न तैयार करेंगे। प्रश्नोत्तरी के दौरान शिक्षकों को इस बात का ध्यान रखने को कहा गया है कि कोई बच्चा हतोत्साहित नहीं हो। प्रतियोगिता के जरिए बच्चों का ज्ञानवर्धन होगा। साथ ही शिक्षकों का फोकस कमजोर बच्चों पर अधिक होगा।
शिक्षा के प्रति बढ़ेगी रुचि
जिला समन्वयक प्रशिक्षण अभिनव पांडेय ने बताया कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी। वह विषयों को मन लगाकर पढ़ेंगे। इससे स्कूलों में शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा। डीसी प्रशिक्षण ने बताया कि प्रार्थना सभा में बच्चों को उस दिन की प्रमुख खबरों और आसपास की प्रमुख घटनाओं की जानकारी दी जाएगी। इससे बच्चों का सामान्य ज्ञान बढ़ेगा।वर्जन
बेहतर शिक्षा देना उद्देश्य
शिक्षकों के ज्ञान का सही इस्तेमाल कर बच्चों के शैक्षिक व बौद्धिक स्तर में सुधार किया जा सकता है। स्कूल में शिक्षा का स्तर सुधरने पर इस ओर अभिभावकों का रुझान बढ़ेगा। स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ेगी।
-संजय कुमार तिवारी-बीएसए