गौरीगंज के पचेहरी से जागरूकता रैली निकाली छात्राएं।-संवाद
अमेठी सिटी। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस सोमवार को बेसिक व माध्यमिक स्कूलों में मनाया गया। एक से आठ सितंबर तक साक्षरता सप्ताह में अधिक से अधिक निरक्षरों को उल्लास सर्वे एप से चिह्नित किया जाना है।
इसके लिए उद्योग, श्रम, माध्यमिक शिक्षा कारागार आदि से पत्राचार भी किया गया है। इसी क्रम में प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों के साथ ही बीआरसी पर विद्यार्थियों ने रैली, प्रभातफेरी , नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से साक्षरता कार्यक्रम किया। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पचेहरी में उपस्थित 270 बच्चों और शिक्षकों के साथ प्रभातफेरी निकाली गई। जिले में 1659 निरक्षरों का चिह्नांकन उल्लास सर्वे एप के माध्यम से किया गया है, जिनकी साक्षरता परीक्षा 21 सितंबर को बनाए गए केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके बाद सभी को शिक्षित किया जाएगा।
प्रभातफेरी से जगाई शिक्षा की अलख
जामों। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर बच्चों ने सोमवार को प्रभातफेरी निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। कस्बे के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बाजार में प्रभातफेरी निकालकर लोगों में शिक्षा के प्रति अलख जगाई। उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ ब्लाॅक अध्यक्ष रामललन द्विवेदी ने प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर डाॅ. शिवकुमार मौर्य, अंजना सिंह, सुशील कुमार यादव, शिवम सिंह, साहिबा बानो, सुमन, सरोज पांडेय आदि मौजूद रहे। (संवाद)