अमेठी सिटी। जिले के ताला स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर में शुक्रवार को दादा-दादी, नाना-नानी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विद्यालय के कक्षा पांच के तेजस सिंह और प्रतिक्षा मिश्र ने दादा-दादी, नाना-नानी के प्रति अपने अनुभव साझा किए। वहीं, कक्षा एक और दो के बच्चों ने दिल का कोई टुकड़ा कभी दिल से जुड़ा होता नहीं... गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा चार की छात्रा आर्या सिंह ने नगरी हो अयोध्या सी... गीत और छात्र दीपेश कुमार पांडेय ने चक दे इंडिया... गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही बच्चों ने दादा-दादी और नाती-पोतों के रिश्तों को दर्शाने वाला नाटक दादा-दादी घर की शान... प्रस्तुत किया।
कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों ने समूह नृत्य दादा-दादी नाना-नानी वेलकम टू माय स्कूल... प्रस्तुत किया। कक्षा एक के छात्र जीवन राठौर ने दादा-दादी, नाना-नानी यह सब अपने प्यारे हैं... गीत प्रस्तुत किया। कक्षा चार की छात्रा अलंकृता पांडेय ने बरसो रे मेघा मेघा... गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा तीन की छात्राओं ने तेरी मंद-मंद मुस्कनिया पे बलिहार राघव जी... सामूहिक गीत प्रस्तुत किया। कक्षा चार की छात्रा आर्या सिंह ने आई गिरी नंदिनी... पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया।
अभिभावकों के बीच म्यूजिकल चेयर खेल करवाया गया, जिसमें अभिभावक शेष कुमारी शुक्ल और शशि त्रिपाठी विजेता रहीं। अभिभावकों ने भी दादा-दादी, नाना-नानी दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षक आलोक कुमार पांडेय ने दादा-दादी, नाती-पोतों के रिश्तों पर प्रकाश डाला। कहा कि हमें अपने नाती-पोतों के लिए समय निकालना चाहिए, इससे एक-दूसरे के प्रति लगाव और विश्वास बढ़ेगा। कार्यक्रम का संचालन कक्षा सात की छात्रा वैष्णवी पांडेय और शगुन त्रिपाठी ने किया। इस दौरान शिक्षक कपिल कुमार, शिक्षक रोशन कुमार, सुमित कुमार, सूरज शुक्ला,पंकज शुक्ला, शिखर सक्सेना, उपासना, जीतेश राय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।