अमेठी सिटी। जामों ब्लॉक के 20 विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सामुदायिक आधारित साक्षरता एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। इसका उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखना और सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर बनाना था।
रूम टू रीड संस्था के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में करीब एक हजार बच्चों और 150 अभिभावकों ने भाग लिया। कंपोजिट और प्राथमिक विद्यालयों में खेल आधारित शिक्षण, कहानी वाचन और चित्रकारी जैसी गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि यह पहल शैक्षिक विकास और विद्यालय-समुदाय सहभागिता को मजबूत कर रही है। कार्यक्रम में मोहन लाल, नित्या शिल्पी, अलका सहित अन्य लोग मौजूद रहे।