उच्च प्राथमिक विद्यालय पुन्नपुर में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते बच्चे। स्रोत:
अमेठी सिटी। परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर जल व पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय पुन्नपुर में स्वस्थ जीवनशैली विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें 18 बच्चों ने प्रतिभाग किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 22 बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने से जुड़े चित्र बनाए। संग्रामपुर के प्राथमिक विद्यालय खरबुजही में प्रधानाध्यापक अमित कुमार पांडेय की मौजूदगी में 20 बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चों ने जल संरक्षण, विज्ञान समेत विभिन्न विषयों पर पोस्टर तैयार किए।
कंपोजिट विद्यालय धोएं में शिक्षक रामनरेश की देखरेख में 22 बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्राथमिक विद्यालय पूरे रामा चौहान में 17 बच्चों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया। प्राथमिक विद्यालय सरैया पड़ान में भी 19 बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
बीएसए संजय तिवारी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मकता बढ़ने के साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। विद्यालयों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल और पर्यावरण संरक्षण को बच्चों के व्यवहार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।