मुसाफिरखाना (अमेठी)। गुनैया गांव में शनिवार शाम खेलते समय विषैले जंतु के काटने से बालक की मौत हो गई। मासूम की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी पप्पू का बेटा राज (5) शाम को घर के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान किसी विषैले जंतु ने उसे काट लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों को जानकारी हुई। आननफानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राज की असमय मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां रीमा गहरे सदमे में हैं, जबकि छोटा भाई ऋतिक (3) अपने भाई को पुकारते हुए रोता रहा। रविवार को पिता पप्पू अहमदाबाद से गांव पहुंचे तो बेटे का शव देखकर वह फफक पड़े। राज की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना था कि वह बेहद प्यारा और चंचल बच्चा था। अब उसकी मासूमियत केवल यादों में रह गई है।