अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमेठी के गौरीगंज आएंगे। भाजपा उम्मीदवार स्मृति जूबिन इरानी के लिए गौरीगंज में जामो रोड स्थित माधौपुर वार्ड क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
सीएम के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन किया। पुलिस के मुताबिक, कल दोपहर 12 बजे से गौरीगंज, संग्रामपुर, पीपरपुर द्वारा प्रतापगढ़ बॉर्डर से, मुंशीगंज, मुसाफिरखाना द्वारा सुल्तानपुर बॉर्डर से, जगदीशपुर, बाजार शुक्ल द्वारा सुल्तानपुर व अयोध्या से, इन्हौना, मोहनगंज द्वारा बाराबंकी व रायबरेली से, जायस, फुरसतगंज द्वारा रायबरेली से आने वाले भारी वाहनों जैसे ट्रक, ट्रेलर, टैंकर, डंपर आदि का जिले में प्रवेश रोका गया है।
यह होगा बदलाव
-सुल्तानपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन, जो रायबरेली की तरफ जाना चाहेंगे, उनको मुंशीगंज चौराहा पर बैरियर से डायवर्जन कर मुसाफिरखाना की ओर भेजा जाएगा।
- मुसाफिरखाना हाईवे से चलकर जगदीशपुर जायस मोड़ से बाएं मुड़कर गोरियाबाद होते हुए जायस कस्बे से दाहिने रायबरेली की ओर भेजे जाएंगे।
- रायबरेली की ओर से आकर सुल्तानपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को जायस जगदीशपुर मोड़ से बाएं मोड़कर गोरियाबाद होते हुए तेतारपुर मोड़, जगदीशपुर मोड़ हाईवे पर दाहिने मोड़कर आगे मुसाफिरखाना मुंशीगंज रोड पर दाएं मोड़कर मुंशीगंज चौराहा से बाएं सुल्तानपुर की ओर भेजा जाएगा।
- जायस की ओर से आने वाले हल्के वाहन गांधीनगर तिराहे से बाएं होकर दयालापुर तिराहा जामो रोड पर निकलेंगे, जो दयालापुर तिराहे से होकर नेता रोड तिराहे से बाएं मुड़कर मुसाफिरखाना की ओर जाएंगे। यहां से मुसाफिरखाना से सुल्तानपुर की ओर जायेंगे।
- प्रतापगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहन सैंठा तिराहा से ककवा की तरफ डायवर्ट किये जायेंगे।
- ककवा क्रासिंग से अमेठी होकर जो वाहन गौरीगंज आना चाहेंगे, उनको अमेठी बाईपास पर डायवर्ट कर मुंशीगंज की तरफ मोड़ा जायेगा ।
- जगदीशपुर से जामो होकर गौरीगंज आने वाले वाहनों को जामो फोर लेन से ही डायवर्ट किया जायेगा ।
- जामो की तरफ से गौरीगंज की ओर आने वाले हल्के वाहन दयालापुर से नेता रोड पर डायवर्ट किये जायेंगे ।
- सुल्तानपुर की ओर से आने वाले वाहन जो गौरीगंज होकर जामो व जगदीशपुर जाना चाहेंगे उनको कस्बा गौरीगंज के मुसाफिरखाना तिराहा से कौहार नेताजी रोड से बाएं मोड़कर दयालापुर तिराहे से दाहिने मोड़कर जामो व जगदीशपुर की ओर भेजा जाएगा।
- सैंठा की ओर से आने वाले हल्के वाहन जो गौरीगंज होकर जामो व जगदीशपुर जाना चाहेंगे, उनको कस्बा गौरीगंज के मुसाफिरखाना तिराहा से कौहार नेताजी रोड से बायें मोड़कर दयालापुर तिराहे से दाहिने मोड़कर जामो व जगदीशपुर की ओर भेजा जाएगा।
- सैंठा की ओर से गौरीगंज की ओर आने वाले भारी वाहन दुर्गन भवानी मोड़ से काजीपट्टी की ओर भेजे जाएंगे।
डीएम, एसपी ने हेलीपैड का लिया जायजा
- मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार को डीएम निशा अनंत व एसपी अनूप कुमार सिंह ने हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अफसरों ने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देश दिए।