गौरीगंज (अमेठी)। लॉकडाउन अवधि में गैर प्रांत से आए प्रवासी श्रमिकों को होम क्वारंटीन करने के बाद गुरुवार को उनका स्थलीय सत्यापन हुआ। अधिशाषी अधिकारी ने नगरीय निकाय के वार्डों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई के साथ कंटेनमेंट घोषित वार्ड में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। ईओ ने लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करने को कहा। इस दौरान होम क्वारंटीन किए लोगों को नियमों का पालन करने का निर्दयेश देते हुए नियम तोड़ने पर केस दर्ज करने की चेतावनी दी।
कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए घोषित लॉकडाउन अवधि में गैर प्रांत से आए प्रवासी श्रमिकों को संभावित कोरोना वायरस कैरियर मनाते हुए उन्हें होम क्वांरटीन किया गया है। होम क्वारंटीन किए गए लोगों के बाहर टहलने की शिकायत पर गुरुवार को अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुजीत कुमार ने कई वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई के साथ होम क्वारंटीन किए गए लोगों की जांच भी की। जांच के दौरान कई स्थानों पर संतोषजनक सफाई नहीं मिलने पर सफाई नायक को अभियान चलाकर सफाई करने के साथ ही नियमित सफाई का निर्देश दिया।
इस दौरान अधिशाषी अधिकारी ने कंटेनमेंट जोन घोषित वार्ड में सैनिटाइजर का छिड़काव कराते हुए आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी की हकीकत भी परखी। ईओ ने लोगों को संक्रमण से बचने के लिए घर पर रहने के साथ बाहर निकले पर मास्क का प्रयोग करने की अपील की। अधिशाषी अधिकारी ने होम क्वारंटीन किए लोगों को क्वारंटीन नियमों का पालन करने का निर्देश देेते हुए क्वारंटीन अवधि में बाहर निकलने की दशा में केस दर्ज कराते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।