बाजारशुकुल (अमेठी)। बैंक से पैसा निकाल कर जा रहे बुजुर्ग से टप्पेबाजी का मामला आया है। पैसा गिनकर चेक करने की बात कहते हुए युवक 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस बैंक समेत अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवक की पहचान करने में जुटी हुई है।
थानाक्षेत्र के समदा पाली गांव निवासी लाल बहादुर मंगलवार को कस्बे में संचालित यूपी बड़ौदा ग्रामीण बैंक से पैसा निकालने गए थे। बैंक में फार्म भरने के नाम पर युवक ने मदद की। बैंक से 25 हजार रुपये लेकर लाल बहादुर निकले थे, तभी कुछ दूर पर ही दोबारा वह युवक मिला। पैसे गिनने की बात कही। बुजुर्ग ने कहा कि रुपये गिना तो नहीं, इस पर युवक ने कहा कि लाओ हम गिन दे। बुजुर्ग ने जैसे ही पैसा गिनने के लिए दिया, युवक पैसे लेकर भाग निकला।
युवक को भागता देख बुजुर्ग ने गुहार लगाई लेकिन, कोई मदद के लिए सामने नहीं आया। मामले की सूचना पुलिस को दी। उप निरीक्षक महेंद्र सरोज ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही युवक को गिरफ्तार कर मामले का अनावरण किया जाएगा।