जगदीशपुर (अमेठी)। सीएचसी जगदीशपुर को जल्द ही 50 बेड के अतिरिक्त वार्ड की सुविधा मिलेगी। इसका भवन बनकर तैयार हो गया है। सीएचसी में 50 बेड पहले से हैं। नए वार्ड के हस्तांतरण के बाद सीएचसी 100 बेड की हो जाएगी।
कोविड काल में वर्ष 2022-23 में सीएचसी जगदीशपुर में 50 बेड का अतिरिक्त वार्ड स्वीकृत हुआ था। इसके निर्माण के लिए 2.41 करोड की वित्तीय स्वीकृति मिली थी। भवन निर्माण का भूमि पूजन 17 फरवरी 2023 को क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने किया था। वह वार्ड बनकर तैयार हो गया है। कार्यदायी संस्था भवन को स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने की तैयारी में लगी है। नए वार्ड के बनने से मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी। कार्यदायी संस्था के कार्य स्थल इंजीनियर सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इसे स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर के परिसर में ही 25 बेड का ट्रॉमा सेंटर पहले से संचालित है। यह ट्रॉमा सेंटर आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है।
कोविड काल में बढ़े थे 20 बेड
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर में पहले 30 बेड की व्यवस्था थी। कोविड काल में मरीजों को भर्ती करने में हो रहीं दिक्कतों को देखते हुए 2022-23 में 20 अतिरिक्त बेड के लिए भवन का निर्माण कराया गया था। अब 50 बेड का नया भवन बनकर तैयार है। इसके हस्तांतरण के बाद सीएचसी 100 बेड की हो जाएगी।