इन्हौना/ सिंहपुर (अमेठी)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। 22 जनवरी को घरों व मंदिरों को सजाने के साथ ही उत्सव मनाने का आह्वान किया गया। बृहस्पतिवार को इन्हौना में कलश यात्रा निकाली गई।
श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में पंडितों द्वारा पूजित अक्षत कलश लोगों तक पहुंचाने के लिए इन्हौना कस्बे में शोभायात्रा निकाली गई। रथ में राम-लक्षमण व सीता के रूप में सजे कलाकार व गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया। अक्षत कलश के स्वागत में जय श्रीराम के नारों से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। राम भजन गाकर उनकी महिमा का गुणगान किया। कस्बे के लोगों ने अक्षत कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया।
लोगों को पत्रक वितरित करते हुए अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने की बात कहते हुए ज्वाला देवी मंदिर में पूजित अक्षत को लोगों में वितरित किया गया। विश्व हिन्दू परिषद की ओर से राम जन्म भूमि में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा के लिए आमंत्रित कर अपने आस-पास धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।
कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला का मंदिर बनने के उपरांत 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर देशभर में अक्षत कलश यात्रा आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के लिए अक्षत और निमंत्रण पत्र 22 जनवरी से पहले हर सनातनी के घर तक पहुंचेंगे। लोगों से आग्रह किया कि 22 जनवरी को श्री राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होंगे। उस दिन अपने घरों और नजदीकी मंदिरों को भव्य रूप से सजाएं। यह उत्सव वैसा ही होना चाहिए, जैसा हम दीपावली या फिर अन्य त्योहार मनाते हैं । इस मौके पर धर्मेश मिश्रा, बबलू त्रिवेदी, दिनेश सिंह, साधना पाण्डेय, देवेंद्र शुक्ला, तेज नारायण मिश्रा, अखिलेश तिवारी राहुल चौरसिया, अमरेश गुप्ता समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
फुरसतगंज कस्बे के मुरारी बाबा आश्रम से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेतृत्व में श्रीराम जन्मभूमि प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव मनाते हुए गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई जिसे रायबरेली सुल्तानपुर रोड पर घुमाया गया। प्रसाद वितरण किया गया। वापस मुरारी बाबा आश्रम में यात्रा का समापन किया गया। इस मौके पर धर्मेंद्र गोस्वामी, मनोज जायसवाल, ददन तिवारी,विशाल जायसवाल, शिव प्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे।