स्वाट और सर्विलांस टीम के लोग जांच पड़ताल करते।
अमेठी सिटी। स्कूल से घर जा रही छात्रा के अपहरण की कोशिश करने के मामले की पुलिस की तीन टीमों ने शनिवार को जांच शुरू कर दी। स्कूल से लेकर घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के साथ संदिग्ध मोबाइल नंबरों का डाटा भी खंगाला जा रहा है।
गौरीगंज थानाक्षेत्र के गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर जेठौना मोड़ के पास बृहस्पतिवार को दो बाइक सवार पांच युवकों ने छात्रा को अगवा करने की कोशिश की थी। एसपी अनूप सिंह ने गौरीगंज एसएचओ, स्वाॅट टीम व सर्विलांस टीम को कार्रवाई के लिए लगाया है। शनिवार को टीम ने स्कूल पहुंच शिक्षकाें से जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। कई संदिग्ध फोन नंबरों की पहचान की गई। पुलिस ने कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में भी लिया है।
आस-पास के लोगों के बयान भी लिए गए हैं। छात्रा से बाइक सवारों के हुलिया, बाइक के रंग सहित कई अन्य जानकारी ली। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जाएगा।