अमेठी सिटी। जल्द ही रायपुर फुलवारी मोहल्ले के लोगों की आवागमन की दुश्वारियां दूर हो जाएंगी। जिला पंचायत 15वें वित्त आयोग से आवंटित धनराशि से मोहल्ले में पक्का मार्ग बनवाएगी। इस मार्ग के निर्माण पर 6.08 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन ने मार्ग की मंजूरी के साथ ही लागत राशि जारी कर दी है।
अमेठी कस्बे से सटे रायपुर फुलवारी में यशोदानगर पिच मार्ग से पवन कुमार के मकान होकर धर्मेंद्र के मकान तक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानी को देखते हुए पिछले दिनों जिला पंचायत की बैठक में यहां सीसी मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था। प्रस्ताव पारित होने के बाद जिला पंचायत ने इसका सर्वे करवाते हुए 6.08 लाख रुपये का अनुमानित आगणन (एस्टीमेट) तैयार कर शासन से धनराशि की मांग की थी।
शासन ने 15वेें वित्त आयोग के तहत आवंटित धनराशि से सीसी मार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी है। मंजूरी के बाद जिला पंचायत ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार का चयन भी कर लिया है। चयनित ठेकेदार को तीन माह में प्रस्तावित सीसी मार्ग को मानक के अनुसार बनवाने का निर्देश दिया गया है। सीसी मार्ग का निर्माण पूरा होेने के बाद मोहल्ले के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
मानक के अनुसार होगा निर्माण कार्य
अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने बताया कि जिला पंचायत के 15वें वित्त आयोग से सीसी मार्ग निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके लिए धनराशि भी जारी हो चुकी है। ठेकेदार को मानक के अनुसार तीन माह में सीसी मार्ग निर्माण पूरा कर आवंटित धनराशि का उपभोग प्रमाण पत्र देने को कहा गया है। निर्माण में मानकों की अनदेखी य समय से काम पूरा नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।