रामजी की फाइल फोटो व घर के बाहर बैठे गमगीन लोग।
सिंहपुर। शिवरतनगंज-सेमरौता मार्ग पर रविवार देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार शिवरतनगंज कस्बा निवासी कैटरर रामजी (42) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में उपचार के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई।
पड़ोसी डॉ. अशोक अवस्थी ने बताया कि रामजी रविवार को किसी कार्य से बाइक से बाहर निकले थे। लौटते समय कस्बे से पहले उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में रामजी को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने रामजी को सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया। हालत चिंताजनक देख उन्हें पहले रायबरेली जिला अस्पताल और फिर ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, लेकिन चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके। थानाध्यक्ष दया शंकर मिश्रा ने बताया कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर वाहन की पहचान का प्रयास हो रहा है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के सामने आजीविका का संकट
रामजी कैटरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से बेटी स्वाती (16) और बेटा शुभ (10) सदमे में हैं। पत्नी रमा का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने किसी तरह परिजनों को ढाढ़स बंधाया।
रामजी की फाइल फोटो व घर के बाहर बैठे गमगीन लोग।