अमेठी सिटी। उड़न दस्ता टीम ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान एक कार की डिग्गी से 2.66 लाख नकदी पकड़ी है। बरामद नकदी से संबंधित दस्तावेज न होने से उसे जब्त कर लिया गया है। जबकि, दूसरी कार्रवाई में टीम ने दिल्ली के युवक की गाड़ी से प्रतापगढ़ के सपा के उम्मीदवार की भारी मात्रा में प्रचार सामग्री बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरीगंज में अठेहा मार्ग पर अत्तानगर मोड़ के पास फ्लाईंग स्क्वायड टीम चैकिंग कर रही थी। इस बीच टीम ने एक कार रोकी। टीम ने तलाशी में कार की डिग्गी से दो लाख 66 हजार 323 रुपये बरामद हुए। रुपयों के बारे में गौरीगंज के तुलसीपुर निवासी कार सवार अखिलेश प्रताप सिंह से दस्तावेज मांगे गये तो वह दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद टीम ने कैश को अपने कब्जे में ले लिया। टीम में मजिस्ट्रेट रोशन लाल, मुंशीगंज थाने के दरोगा सुरेश कुमार, आरक्षी अखिलेश यादव आदि शामिल थे।
इसी तरह एक टीम संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धनापुर चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम ने बोलेरो रोक कर तलाशी ली। इस दौरान 2024 के चुनाव से संबंधित प्रतापगढ़ के सपा व इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. एसजी सिंह (शिवपाल सिंह पटेल) से संबंधित प्रचार सामग्री थी। जिसमें 410 कैलेंडर, 63 डायरी, तीन पंपलेट, चार विजिटिंग कार्ड, 493 पम्फलेट, 252 स्टीकर व प्रत्याशी के पक्ष में मत डलवाने वाली अपील के 179 कार्ड आदि प्रचार सामग्री बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक वाहन चालक ने आधार कार्ड के मुताबिक अपना नाम प्रेम कुमार निवासी फेज नंबर-एक मायापुरी दक्षिण पश्चिमी दिल्ली और दूसरा पता ग्राम परे वैरीशाल थाना लीलापुर प्रतापगढ़ बताया है। टीम के पूछने पर प्रचार सामग्री का व्यय ब्योरा और चालक गाड़ी के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। टीम ने बरामद प्रचार सामग्री व वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।