सिंहपुर (अमेठी)। मोहनगंज के कटोरवा गांव निवासी रमेश यादव के साथ शुक्रवार शाम रुकुनपुर नहर के पास लूट की वारदात हुई। दो बाइक से आए छह बदमाशों ने युवक से मोबाइल और चार हजार रुपये छीन लिए।
पीड़ित रमेश बीएचईएल स्थित मारुति सुजुकी की वाइपर कंपनी में कार्यरत है। ड्यूटी समाप्त होने के बाद देर शाम वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में उसका दोस्त मिला। दोस्त के कहने पर रमेश ने उसके परिचित को बाइक पर बैठा लिया और घर की ओर चल पड़ा। नहर के समीप पहुंचते ही दो बाइक पर सवार छह युवकों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
रमेश कुछ समझ पाते, इसके पहले ही बदमाशों ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल निकाल लिया। मोबाइल कवर में रखे चार हजार रुपये भी ले लिए और बाइक की चाबी लेकर भाग गए। पीड़ित ने तत्काल दोस्त के परिचित के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मौखिक जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।