अमेठी। सोशल मीडिया पर एक महिला के रोने का वायरल वीडियो का मामला पुलिसिया जांच में गलत पाया गया। पुलिस का दावा है कि मौके पर जब जांच की गई तो वहां ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। ग्रामीणों ने भी ऐसा कुछ नहीं बताया है। सोशल मीडिया पर एक महिला के रोने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर हुआ था, जिसमें रोने की आवाज सुनाई पड़ रही थी। सूत्रों का दावा है कि कुछ ग्रामीणों ने भी रोने की आवाज सुनी। लेकिन किसी ने मौके तक जाने की हिम्मत नहीं जुटाई। दावा किया गया था कि वायरल वीडियो संग्रामपुर क्षेत्र के जंगल का है। मामला संज्ञान में आने के बाद संग्रामपुर एसएचओ ईशनारायण मिश्र ने बुधवार रात फोर्स के साथ जंगल में काम्बिंग की, लेकिन कुछ नहीं मिला।
ग्रामीणों ने पुलिस को दिए बयान में ऐसी किसी प्रकार की आवाज सुनने जैसी बात से इंकार किया है। जांच के बाद बृहस्पतिवार को सीओ लल्लन सिंह ने कहा कि एक महिला की धुंधली फोटाे व रोने की आवाज का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस टीम ने ग्राम प्रधान संग छानबीन की। साथ ही कई लोग से पूछताछ की गई, लेकिन मौके पर ऐसा कुछ नहीं निकला। जांच में पूरा मामला गलत पाया गया है।