28 : जायस : शिवलिंग मिलने के बाद उमड़ी भीड़ । -संवाद
- फोटो : AMETHI
जायस (अमेठी)। कस्बा स्थित कांशीराम आवास विकास कालोनी के पीछे गुरुवार को खेलते समय बच्चों को शिवलिंग दिखाई पड़ा था। सूचना मिलते ही सैकड़ों लोगों ने खेत में पहुंचकर पूजा-पाठ शुरू कर दी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। जांच में अराजकतत्व द्वारा धार्मिक उन्माद फैलाने के इरादे से खेत में शिवलिंग गाड़ने की बात सामने आई। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे काशीराम आवास विकास कालोनी के पीछे बकरी चराने गए कस्बा निवासी लालबाबू सोनकर ने कुछ बच्चे को मो. शकील खान के खेत में कुछ खोदते देखा। जब वो वहां मौके पर पहुंचा तो वहां पर शिवलिंग के आकार का एक पत्थर दिखाई पड़ा। जब पूरी तरह खोदाई की गई तो वह एक शिवलिंग निकला।
शिवलिंग निकलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने खेत में ही पूजा-अर्चना करनी शुरू कर दी। जहां शिवलिंग मिला वह खेत दूसरे समुदाय का होने के कारण प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। जब शिवलिंग को उठाया गया तो पता चला कि वह एक खंडित शिवलिंग है।
इसे किसी अराजकतत्व द्वारा हाल ही में दूसरे समुदाय के खेत में खोदकर गाड़ा गया है। खेत स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने शिवलिंग को अपने कब्जे में लेते हुए अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने मौके पर एकत्र भीड़ को समझा-बुझाकर वहां से हटाया। पुलिस शुक्रवार को शिवलिंग को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुटी है।