जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के दौलतपुर निसूरा गांव निवासी गुलाब देवी ने बैंक शाखा प्रबंधक और कर्मियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके बैनामे की जमीन को अवैध रूप से बंधक बनाकर बैंक से अपमानित कर बाहर भगा दिया गया।
गुलाब देवी के मुताबिक उन्होंने 11 दिसंबर 2009 को गांव में कुछ गाटा संख्या का बैनामा कराया था। उस वक्त खतौनी में कहीं भी जमीन पर किसी प्रकार के कर्ज का उल्लेख नहीं था और न ही उन्हें किसी कर्ज की जानकारी दी गई थी, लेकिन 15 दिसंबर 2023 को उनके नाम बैनामा की गई जमीन को 70 हजार रुपये कर्ज पर ब्रह्मादीन के नाम से दुग्ध उद्योग के लिए बंधक बना दिया गया।
इसमें उनका निशानी अंगूठा दिखाकर बैंक द्वारा प्रक्रिया पूरी की गई, जबकि उन्होंने किसी भी प्रकार के कर्ज का आवेदन या सहमति नहीं दी थी। आरोप लगाया कि जब उन्हें इस बंधक की जानकारी मिली और वह बैंक जाकर प्रबंधक से मिलीं तो कुछ दिन दौड़ाने के बाद उन्हें अपमानित किया गया और जमीन की नीलामी की धमकी देते हुए बंधक हटाने से इनकार कर दिया गया।
शिकायत के बाद जब थाने में केस दर्ज नहीं हुआ तो गुलाब देवी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अदालत के आदेश पर प्रबंधक और कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले में भूमि विकास बैंक शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।